पटना। बिहार में आगामी राजनीतिक घटनाक्रम के बीच, जनता दल यूनाइटेड (JDU) कार्यालय के बाहर एक पोस्टर ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। इस पोस्टर में निशांत कुमार को ‘भविष्य के मुख्यमंत्री ऑफ बिहार’ बताया गया है।

पोस्टर लगते ही राजनीतिक गलियारों में इस पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। पोस्टर में उनकी तस्वीर के साथ लिखा है—‘नीतीश सेवक, मांगे निशांत’। इसे लेकर पार्टी के अंदर और बाहर कई तरह के अनुमान लगाए जा रहे हैं।

नीतीश कुमार से पद नहीं छोड़ने की अपील

पोस्टर में Nitish Kumar की तस्वीर भी शामिल है और जनता से अपील की गई है कि वे बिहार को छोड़कर न जाएं। इसमें लिखा है कि बिहार की जनता उन्हें मुख्यमंत्री पद पर देखना चाहती है

राज्यसभा जाने के उनके हालिया बयान के बाद यह मांग और तेज हो गई है। JDU कार्यकर्ता लगातार उनसे अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील कर रहे हैं।

निशांत कुमार को लेकर बढ़ रहा उत्साह

जेडीयू कार्यकर्ताओं के बीच निशांत कुमार को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी में शामिल होने के समय भी उन्हें सीएम फेस के रूप में पेश किया गया था।

नालंदा दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें आगे बढ़ाने की मांग की थी। खासकर महिलाओं के बीच उनके समर्थन की चर्चा सामने आई थी, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि उनके लिए माहौल तैयार किया जा रहा है

अनंत सिंह ने भी किया समर्थन

पूर्व राजनेता अनंत सिंह ने हाल ही में निशांत कुमार की तारीफ की और कहा कि निशांत में उनके पिता जैसे नेतृत्व गुण हैं। उन्होंने निशांत को पढ़ा-लिखा और संतुलित व्यक्तित्व वाला बताया। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री का चेहरा अभी तय नहीं हुआ है।

सीएम फेस पर सस्पेंस बरकरार

बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर तस्वीर अभी स्पष्ट नहीं है। सम्राट चौधरी को भी संभावित मुख्यमंत्री के रूप में देखा जा रहा है।

हालांकि, एनडीए या JDU की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। पोस्टर राजनीति के जरिए माहौल बनाने का प्रयास है, और अब यह देखना बाकी है कि यह चर्चा आगे किस दिशा में जाती है।