अभिनेत्री के आरोपों के बाद राहुल ममकूट्टाथिल ने छोड़ा यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पद

अभिनेत्री और मॉडल रिनी एन जॉर्ज तथा लेखिका हनी भास्करन द्वारा लगाए गए उत्पीड़न के आरोपों के बीच कांग्रेस विधायक राहुल ममकूट्टाथिल घिर गए हैं। बढ़ते विरोध के चलते पलक्कड़ से विधायक ममकूट्टाथिल ने गुरुवार को केरल यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। इससे पहले बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ विरोध मार्च निकालकर इस्तीफे की मांग की थी।

अभिनेत्री रिनी एन जॉर्ज के आरोप

मलयालम अभिनेत्री रिनी एन जॉर्ज ने विधायक पर अनुचित और आपत्तिजनक संदेश भेजने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह सिलसिला करीब तीन साल पहले शुरू हुआ था। अभिनेत्री के अनुसार, राहुल ने उन्हें एक पांच सितारा होटल में बुलाने की भी कोशिश की। उन्होंने दावा किया कि इस बारे में पार्टी नेतृत्व को अवगत कराया गया था, लेकिन किसी ने कार्रवाई नहीं की।

रिनी ने आरोप लगाया कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनकी शिकायत को अनदेखा कर दिया और इसके बावजूद आरोपी को कई अहम जिम्मेदारियां सौंप दीं। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद पार्टी नेताओं के प्रति उनकी धारणा टूट गई।

अन्य महिलाओं से जुड़ा आरोप

अभिनेत्री का आरोप है कि राहुल ने कई और नेताओं की पत्नियों और बेटियों के साथ भी इसी तरह का व्यवहार किया। उन्होंने सवाल किया कि जो नेता अपने परिवार की महिलाओं की सुरक्षा नहीं कर सकते, वे समाज की महिलाओं की रक्षा कैसे करेंगे? उन्होंने कहा कि कई महिलाएं चुप रहीं, इसलिए उन्होंने बोलने का निर्णय लिया। हालांकि, उन्होंने पुलिस में अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

लेखिका हनी भास्करन का आरोप

इसी मामले में लेखिका हनी भास्करन ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राहुल ममकूट्टाथिल पर अनुचित संदेश भेजने का आरोप लगाया है।

कौन हैं राहुल ममकूट्टाथिल?

राहुल ममकूट्टाथिल फिलहाल पलक्कड़ से विधायक हैं। वे शफी परम्बिल के इस्तीफे के बाद हुए उपचुनाव में जीतकर विधानसभा पहुंचे थे और हाल ही में उन्हें केरल यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here