भुवनेश्वर। प्रसिद्ध उड़िया गायक और संगीतकार अभिजीत मजूमदार का रविवार को AIIMS भुवनेश्वर में निधन हो गया। वह 54 वर्ष के थे। अस्पताल अधिकारियों ने बताया कि पिछले साल 4 सितंबर को उन्हें उच्च रक्तचाप, हाइपोथायरायडिज्म और क्रोनिक लिवर रोग के चलते भर्ती कराया गया था।

AIIMS ने बताया कि लंबे समय तक ICU में इलाज के बाद उन्हें 10 नवंबर को मेडिसिन वार्ड में शिफ्ट किया गया। 23 जनवरी को उन्हें बुखार और संक्रमण के लक्षण दिखाई दिए। अस्पताल ने कहा कि प्रोटोकॉल के अनुसार इलाज किया गया, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और उन्हें रिफ्रेक्टरी सेप्टिक शॉक हो गया।

अस्पताल बुलेटिन के अनुसार, आज सुबह 7.43 बजे उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया। सभी प्रयासों के बावजूद, उन्हें 9.02 बजे चिकित्सकीय रूप से मृत घोषित किया गया।

मजूमदार ने कई लोकप्रिय उड़िया फिल्मों के लिए संगीत तैयार किया और अपनी आवाज़ से कई हिट गाने दिए। उनका काम पूरे ओडिशा में बेहद पसंद किया जाता था।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, विपक्षी नेता नवीन पटनायक और कई अन्य नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।
माझी ने ट्वीट किया कि उनका जाना संगीत, सिनेमा और ओडिशा की सांस्कृतिक धरोहर के लिए अपूरणीय क्षति है और उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई।
प्रधान ने कहा कि मजूमदार ने अपनी अनोखी संगीत शैली से दशकों तक उड़िया संगीत प्रेमियों के दिलों में खास जगह बनाई। उन्होंने उनके असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।
पटनायक ने भी कहा कि उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।