आईपीएल 2023: मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 27 रन से हराया

मुंबई (Mumbai)। इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League- IPL) के 57वें मुकाबले में शुक्रवार को मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians – MI) ने गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans – GT) को 27 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही MI ने प्लेऑफ में अपनी जगह बनाने की ओर एक और कदम मजबूती से बढ़ा दिया है। दूसरी ओर GT का अंतिम चार में जगह बनाने का इंतजार और अधिक बढ़ गया है।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए MI ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 218 रन बनाए थे। टीम की ओर से सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने सबसे ज्यादा 103* रन बनाए थे। 219 रन का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरी GT टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 191 रन ही बना सकी और मैच हार गई। टीम की ओर से राशिद खान ने सर्वाधिक 79* रन बनाए। MI की ओर से आकाश मधवाल ने 3 विकेट लिए।

विशाल स्कोर का पीछा करते हुए GT टीम शुरुआत से ही लड़खड़ाती हुई नजर आई। पारी के दूसरे ही ओवर में टीम को रिद्धिमान साहा (2) के रूप में पहला झटका लग गया। इसके बाद अगले ही ओवर में शुभमन गिल (6) भी आउट हो गए। इस बीच कप्तान हार्दिक पांड्या (4), विजय शंकर (29) और अभिनव मनोहर (2) भी जल्दी आउट हो गए। हालांकि, बाद में डेविड मिलर ने 26 गेंदों में 41 रन बनाते हुए कुछ संघर्ष किया।

इस मुकाबले में GT को भले ही हार का सामना करना पड़ा, लेकिन राशिद की पारी ने मैच में रोमांच पैदा कर दिया। उन्होंने 246.88 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में तेजी से 79* रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 3 चौके और 10 दमदार छक्के जमाए। यह उनके IPL करियर का पहला ही अर्धशतक रहा और इसे उन्होंने 21 गेंदों में पूरा कर लिया। राशिद ने गेंदबाजी में कमाल करते हुए 4 विकेट लिए थे।

MI की शुरुआत काफी शानदार रही। पहले विकेट के लिए कप्तान रोहित शर्मा और ईशान किशन के बीच 61 रनों की साझेदारी हुई। हालांकि, इसके बाद टीम लड़खड़ाती हुई नजर आई। रोहित (29), ईशान (31) और निहाल वडेरा (15) जल्दी आउट हो गए। सूर्यकुमार ने मोर्चा संभालते हुए चौथे विकेट के लिए विष्णु विनोद के साथ 65 रन जोड़े। इसके बाद उन्होंने छठे विकेट के लिए कैमरून ग्रीन के साथ 18 गेंदों में 54* रनों की साझेदारी कर डाली।

MI इस सीजन में 5वीं बार 200 रनों का आंकड़ा पार करते हुए नया रिकॉर्ड कायम करने वाली पहली टीम बन गई। टीम ने PBKS (201/6 और 216/4), RR (214/4), RCB (200/4) GT (218/5) के खिलाफ यह कारनामा किया है। रोहित MI की ओर से IPL में अपने 200 छक्के पूरे कर लिए हैं। रोहित एक टीम की ओर से छठे सबसे अधिक छक्के जमाने वाले बल्लेबाज हैं। IPL में एक टीम की ओर से सबसे अधिक छक्के जमाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल (239 RCB) के नाम दर्ज है।

दाएं हाथ के बल्लेबाज सूर्यकुमार MI के लिए शतक जमाने वाले 5वें बल्लेबाज बन गए हैं। सूर्यकुमार से पहले सनथ जयसूर्या (2008), सचिन तेंदुलकर (2011), रोहित (2012) और लेंडन सिमंस (2014) भी शतक जमा चुके हैं। इस मुकाबले में MI की जीत के नायक विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार रहे। उन्होंने अहम मौके शतकीय पारी खेलते हुए टीम को मजबूत किया। सूर्यकुमार ने 210.20 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंद में 6 छक्कों की मदद से नाबाद 103 रन बनाए। उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

यह उनके IPL करियर का पहला ही शतक रहा और इसे उन्होंने 49 गेंद में पूरा कर लिया। सूर्यकुमार इस सीजन में 4 अर्धशतक भी जमा चुके हैं। सूर्यकुमार के लिए मौजूदा सीजन काफी शानदार रहा है। उन्होंने 12 पारियों में 43.55 की औसत और 190.83 की स्ट्राइक रेट से 479 रन बना लिए हैं। इस दौरान उन्होंने अपनी पिछली 7 पारियों में 5 अर्धशतक भी जड़े हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here