आज की तेज़ रफ्तार जिंदगी में सिर दर्द, माइग्रेन और तनाव को अक्सर सामान्य समस्या मान लिया जाता है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि यही लापरवाही कई बार गंभीर बीमारी की ओर इशारा कर सकती है। डॉक्टरों के अनुसार, ब्रेन ट्यूमर के शुरुआती लक्षण इतने सामान्य होते हैं कि लोग इन्हें आम थकान या स्ट्रेस समझकर नजरअंदाज कर देते हैं।

न्यूरोसर्जन डॉक्टर प्रवीण गुप्ता के मुताबिक, ब्रेन ट्यूमर के बढ़ने के साथ सिर दर्द, दौरे पड़ना (सीजर्स), नजर कमजोर होना, शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी और बोलने में कठिनाई जैसे लक्षण सामने आ सकते हैं। समय रहते इन संकेतों को पहचानना बेहद जरूरी है।

सामान्य से अलग होता है ब्रेन ट्यूमर का सिर दर्द

ब्रेन ट्यूमर से होने वाला सिर दर्द आम तनाव या माइग्रेन से अलग होता है। यह धीरे-धीरे बढ़ता है और अक्सर सुबह के समय ज्यादा तेज महसूस होता है। खांसने, झुकने या लेटने पर यह दर्द और बढ़ सकता है।

कई लोग इसे नींद की कमी या मानसिक तनाव मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, जो आगे चलकर जोखिम बढ़ा सकता है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि लगातार बने रहने वाले सिर दर्द को हल्के में नहीं लेना चाहिए।

लगातार मतली और उल्टी भी हो सकते हैं संकेत

अगर किसी व्यक्ति को बार-बार खासकर सुबह के समय मतली या उल्टी महसूस होती है, तो यह सिर्फ एसिडिटी या पाचन की समस्या नहीं हो सकती। यह दिमाग के अंदर दबाव बढ़ने का संकेत भी हो सकता है। ऐसी स्थिति को समय पर जांचना जरूरी है।

नजर से जुड़ी समस्याएं भी अलर्ट का संकेत

ब्रेन ट्यूमर दिमाग के उन हिस्सों को प्रभावित कर सकता है जो दृष्टि को नियंत्रित करते हैं। इसके कारण धुंधला दिखना, डबल विजन, अचानक नजर कमजोर होना या साइड विजन में दिक्कत जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कई बार लोग इसे मोबाइल या स्क्रीन टाइम से जोड़कर नजरअंदाज कर देते हैं।

याददाश्त और मानसिक क्षमता पर असर

बार-बार भूलना, ध्यान केंद्रित करने में परेशानी, भ्रम की स्थिति या बातचीत के दौरान सही शब्द न मिलना भी इसके संकेत हो सकते हैं। अक्सर लोग इसे तनाव, थकान या मानसिक दबाव मानकर गंभीरता से नहीं लेते।

चक्कर आना और संतुलन बिगड़ना भी खतरे का संकेत

चलते समय संतुलन बिगड़ना, लगातार चक्कर आना या शरीर का असंतुलित महसूस होना भी ब्रेन ट्यूमर से जुड़ा हो सकता है। इसे कमजोरी या ब्लड प्रेशर की समस्या समझकर नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।

दौरे पड़ना भी शुरुआती लक्षणों में शामिल

कुछ मामलों में अचानक शरीर में झटके आना, बेहोशी, कुछ समय तक एकटक देखना या भ्रम की स्थिति पैदा होना भी ब्रेन ट्यूमर का संकेत हो सकता है। ऐसे लक्षणों को तुरंत गंभीरता से लेना चाहिए।

इलाज मरीज की स्थिति पर निर्भर

ब्रेन ट्यूमर का इलाज उसके प्रकार, आकार और स्थान पर निर्भर करता है। आधुनिक चिकित्सा में सर्जरी, रेडिएशन थेरेपी और कीमोथेरेपी जैसे कई विकल्प उपलब्ध हैं। डॉक्टर मरीज की स्थिति के अनुसार सही उपचार तय करते हैं।