नई दिल्ली। दिल्ली के कालकाजी इलाके में रविवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब एक रेस्टोरेंट में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने के बाद रेस्टोरेंट में रखे तीन कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों में जोरदार धमाके हुए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। धमाकों की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

दमकल विभाग ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। इस दौरान टीम ने जोखिम उठाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन भी चलाया।

दमकल कर्मियों ने रेस्टोरेंट की दूसरी मंजिल पर फंसी एक बुजुर्ग महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

आग पर काबू पाने की कोशिश जारी

अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और आग पर पूरी तरह काबू पाने का प्रयास जारी है।