मेरठ: उपराष्ट्रपति, राज्यपाल-मुख्यमंत्री ने किया आयुर्वेद महाकुंभ का उद्घाटन

मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में 3 दिवसीय आयुर्वेद पर्व का शुभारंभ हुआ। इसमें देशभर के 300 से ज्यादा आयुर्वेदाचार्य और 1200 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इनॉगरेशन कार्यक्रम में शनिवार को सीएम योगी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनकड़ और गवर्नर आनंदीबेन पटेल भी पहुंचीं।

उपराष्ट्रपति धनकड़ ने मंच से हंसते हुए कहा, “यहां आने से पहले मेरी योग गुरु रामदेव से मुलाकात हुई। उन्होंने मुझे गुस्से को दूर करने के लिए कुछ योग बताए थे। मैंने उनसे कहा कि ऐसा योग बनाइए की संसद की गरिमा बनी रहे।” उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने मुझे किसान पुत्र कहा। यह मेरे लिए गौरव की बात है। आज उसी चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी में आया हूं। गदगद हूं…।”

सीएम ने कहा- कोरोना में आयुर्वेद का महत्व सब समझ चुके
कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा, “कोरोना के समय में आयुर्वेद का महत्व सब समझ चुके हैं। यूपी में अब अपना आयुष विश्वविद्यालय है। मैंने एक दफा आयुर्वेद के 100 छात्रों से पूछा कि आयुर्वेद में क्यों आए हो? तो उन्होंने कहा एलोपैथी में प्रवेश नहीं मिला इसलिए मजबूरन आयुर्वेद में आए हैं।”

योगी ने कहा कि अब ऐसा नहीं। आयुर्वेद की शिक्षा यानी ‘डिग्री एक काम अनेक’। एक BMS डॉक्टर कई तरह से रोजगार पा सकता है। आज आयुर्वेद डॉक्टर्स के लिए सरकारी नौकरी है। वो चाहे तो हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोल सकता है। योगी ने इस दौरान कहा कि आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति अब दुनिया में छाने की स्थिति में हैं। योगी ने मंच से देश के नामचीन वैद्यों का भी नाम लिया। मेरठ के हकीम सैफुद्दीन का भी जिक्र किया।

राज्यपाल ने कहा- आयुर्वेद अब स्टॉर्टअप में भी जगह बनी
आयुर्वेद पर्व में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने कहा कि आयुर्वेद का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। आयुर्वेद सर्वे भवन्तु सुखिन: के दर्शन पर आधारित है। भारत आयुर्वेद का मूल स्थल है। हमारा योग आज विश्व अपना रहा है। केंद्र सरकार के आयुष मंत्रालय और आयुष संबंधित तमाम योजनाओं की मदद से युवा स्टार्टअप में भी आयुर्वेद अब अपनी जगह बना रहा है।

हाईकोर्ट की बेंच को लेकर वकीलों का प्रदर्शन
इस आयोजन से 2 किमी. दूरी पर वकीलों का प्रदर्शन हुआ। वकील मेरठ में हाईकोर्ट की बेंच बनाने की मांग के साथ सीएम योगी से मिलना चाहते थे। पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद उन्होंने सड़क पर बैठकर नारेबाजी शुरू की। वकीलों को समझाने के लिए एसपी सिटी और सीओ सिविल लाइन पहुंचे। उन्हें बस में बैठाकर पुलिस लाइन भेजा गया है। ये घटना मेरठ के कचहरी गेट की है।

मेरठ में देश का चौथा आयुर्वेद पर्व
आयुष मंत्रालय द्वारा देशभर में आयुर्वेद के प्रचार के लिए आयुर्वेद पर्व मनाया जा रहा है। आयुर्वेद पर्व देश के 5 शहरों में होता है। 3 अब तक हो चुके हैं। चौथा मेरठ में हो शुरू हुआ है। इसमें उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक आयुर्वेद पर्व मनाया जा रहा है। इस तीन दिन के महासम्मेलन में वैज्ञानिक गोष्ठियों में विशेषज्ञ छात्र-छात्राओं के सवालों के जवाब देंगे।

समापन में केंद्रीय आयुष मंत्री होंगे शामिल
आयुर्वेद पर्व के समापन में केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल आएंगे। महासम्मेलन में शामिल 50 आयुर्वेदिक कंपनियों को मंत्री पुरस्कृत करेंगे। आयोजन के सचिव डॉ. ब्रजभूषण शर्मा ने बताया कि आयुर्वेद महासम्मेलन में 100 से अधिक शोधपत्र पढ़े जाएंगे। 10 विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राएं व फैकल्टी इसमें भाग ले रहे हैं।

पतंजलि से आचार्य बालकृष्ण देखेंगे मरीज
आयोजन में आचार्य बालकृष्ण स्वयं मरीजों को देखने के लिए पहुंच चुके हैं। पद्मश्री बालेंदु प्रकाश कैंसर, पेनक्रियाज, गुर्दा, सांस और दिल से जुड़ी तमाम बीमारियों के मरीजों को यहां निशुल्क देखेंगे। आयुर्वेद महाकुंभ में स्टॉल लगाने पहुंचे आयुर्वेद दवा कंपनी डॉ. विस्वास के संचालक डॉ. गौतम कुमार विस्वास ने बताया कि इस आयोजन से पूरे देश नहीं बल्कि दुनिया को लाभ होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here