विजय संकल्प सभा में मोदी बोले- भाजपा देश की आशाओं को पूरा करने में जुटी है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को भाजपा की विजय संकल्प जनसभा को संबोधित करने हैदराबाद के परेड ग्राउंड पहुंचे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी इस दौरान मौजूद रहे। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि तेलंगाना के लोग अपनी मेहनत के लिए जाने जाते हैं। राज्य के लोगों में बहुत प्रतिभा है। तेलंगाना अपने इतिहास और संस्कृति के लिए भी जाना जाता है, इसकी कला और वास्तुकला हम सभी के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि आज ऐसा लग रहा है कि जैसे पूरे तेलंगाना के स्नेह यहां इस मैदान में ही सिमट आया है। तेलंगाना के अलग अलग जिलों से आप यहां इतनी बड़ी संख्या में आए हैं। आपके इस स्नेह के लिए, इस आशीर्वाद के लिए मैं आपका अभिनन्दन करता हूं, तेलंगाना की धरती का वंदन करता हूं। जिस तरह हैदराबाद शहर हर टैलेंट की उम्मीदों को नई उड़ान देता है। वैसे ही भाजपा भी देश की आशाओं-अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए दिन रात मेहनत कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि तेलंगाना के लोग, पूरी दुनिया में कड़ी मेहनत और देश के विकास के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते हैं। तेलंगाना में कला, कौशल, कर्मठता भरपूर है। तेलंगाना, प्राचीनता और पराक्रम की पुण्य स्थली है। तेलंगाना का विकास, चौतरफा विकास, भारतीय जनता पार्टी की पहली प्राथमिकताओं में से एक है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर चलते हुए हम तेलंगाना के विकास का निरंतर प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बीते 8 वर्षों में हमने हर भारतीय के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास किया है। देशवासियों के जीवन कैसे आसान हो, विकास का लाभ कैसे हर व्यक्ति, हर क्षेत्र तक पहुंचे, इसके लिए हमनें निरंतर काम किया है। जो वंचित, शोषित रहे उनको भी राष्ट्रीय योजनाओं के माध्यम से हमने विकास में भागीदार बनाया है। यही कारण है कि गरीब, दलित, वंचित, पिछड़े, आदिवासी सभी को आज लगता है कि भाजपा सरकार उनकी आवश्यकताओं और आकांक्षाओं दोनों की पूर्ति कर रही है।

उन्होंने कहा कि देश की महिलाओं को भी आज महसूस हो रहा है कि उनका जीवन आसान हुआ है, उनकी सुविधा बढ़ी है। अब वो राष्ट्र के विकास में अधिक योगदान दे सकती हैं। तेलंगाना के गरीबों को मुफ्त राशन हो, गरीबों को मुफ्त इलाज हो, भाजपा सरकार की नीतियों का लाभ सभी को बिना भेदभाव मिल रहा है। यही तो सबका साथ, सबका विकास है। इसी वजह से आज देश के सामान्य नागरिक का भाजपा पर इतना विश्वास है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here