जेवर में दर्दनाक हादसा: धान रोपाई कर लौट रहे बिहार के 3 मजदूरों को स्कॉर्पियो ने रौंदा

HIGHLIGHTS
- जेवर-खुर्जा मार्ग पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पैदल जा रहे तीन मजदूरों को पीछे से टक्कर मार दी, हादसे में तीनों की मौत हो गई।
- मृतक बिहार के अररिया जिले के रहने वाले थे और नीमका गांव में धान की रोपाई के काम के लिए आए हुए थे।
- पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।
जेवर। उत्तर प्रदेश के जेवर क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जेवर-खुर्जा मार्ग पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार की चपेट में आने से धान की रोपाई करने आए तीन मजदूरों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, बिहार के अररिया जिले से कुछ मजदूर जेवर क्षेत्र के नीमका गांव में धान की रोपाई के काम के लिए आए थे। बुधवार रात खेतों में काम पूरा करने के बाद तीन मजदूर पैदल ही जेवर-खुर्जा मार्ग से वापस नीमका गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान जेवर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने पीछे से तीनों मजदूरों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जेवर के कैलाश अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जेवर कोतवाली प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान बिहार के अररिया जिले के जमुआ गांव, थाना तरावड़ी निवासी करन, विश्वजीत और मिथुन के रूप में हुई है। तीनों मजदूर नीमका गांव के खेतों में धान की रोपाई का काम कर रहे थे।
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी है। शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना में शामिल वाहन व चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.