अब नेता जी को चाहिए 600 रु क्विंटल का गन्ना रेट

सहारनपुर। पेपर मिल रोड स्थित पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा कार्यालय पर गन्ना किसानों की बैठक को संबोधित करते हुए पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि भाजपा की प्रदेश सरकार गन्ना किसान विरोधी कार्य कर रही है। सहारनपुर जिले की चार चीनी मिलों पर अभी भी पिछले वर्ष का 253 करोड रुपए गन्ना भुगतान बकाया है और पिछले वर्षों में देरी से किए गए गन्ना भुगतान पर लगा ब्याज 500 करोड रुपए बकाया है। चालू गन्ना सीजन का भी जिले की छह चीनी मिलों पर 4 दिसंबर 2021 तक जिले की गन्ना किसानों का 243 करोड़ रुपए गन्ना भुगतान बकाया हो गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जवाब दें कि पिछले वर्ष का बकाया गन्ना भुगतान ब्याज व इस वर्ष का गन्ना भुगतान चीनी मिलों से गन्ना किसानों को कब मिलेगा।

भगत सिंह वर्मा ने कहा कि चीनी मिलों से गन्ना भुगतान व ब्याज गन्ना किसानों को नहीं मिलेगा तो 2022 के विधानसभा चुनाव में गन्ना किसान भाजपा को वोट नहीं देंगे। प्रदेश में सत्ता में आने से पहले भाजपा के नेताओं ने कहा था कि हम 14 दिन के अंदर गन्ना किसानों को गन्ने का भुगतान दिलाएंगे लेकिन आज 14 महीने के बाद भी गन्ना किसानों को चीनी मिलों से गन्ना का भुगतान नहीं हो रहा है। जिसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व भाजपा की सरकार सीधे-सीधे जिम्मेदार हैं।

भगत सिंह वर्मा ने कहा कि भाजपा के प्रदेश व केंद्र के नेताओं ने 2014 व 2017 से पहले कहा था कि हम गन्ने का लाभकारी रेट डॉक्टर एम एस स्वामीनाथन आयोग के फार्मूले सीटू के तहत 50% लाभ जोड़कर गन्ने का लाभकारी रेट ₹450 कुंतल देंगे लेकिन 7 वर्ष बाद भी भाजपा की प्रदेश सरकार व केंद्र सरकार गन्ना किसानों को गन्ने का लागत मूल्य भी नहीं दिला पा रही है। आज गन्ने का लागत मूल्य ₹440 कुंतल आ रहा है। गन्ने का लाभकारी रेट कम से कम ₹600 कुंतल गन्ना किसानों को मिलना चाहिए।

भगत सिंह वर्मा ने सरकार चीनी मिल मालिकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही गन्ना किसानों को पिछले वर्ष का व इस वर्ष का गन्ना भुगतान व ब्याज और गन्ने का लाभकारी रेट ₹600 कुंतल नहीं दिया तो गन्ना किसान सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेंगे और 2022 में भाजपा सरकार के खिलाफ वोट करेंगे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा की प्रदेश और केंद्र सरकार किसान विरोधी है और किसानों को बर्बाद करने पर तुली हुई है।

बैठक का संचालन करते हुए मुक्ति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री आसिम मलिक ने कहा कि अन्नदाता किसानों की उपेक्षा करके कोई भी पार्टी ज्यादा दिन तक राज नहीं कर सकती है भाजपा को भी किसानों की उपेक्षा काफी महंगी साबित होगी। बैठक में वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर पहल सिंह सैनी, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष धीरेंद्र चौधरी, सरदार अर्जुन सिंह, राष्ट्रीय महासचिव रविंद्र चौधरी गुर्जर, प्रदेश सचिव विनोद सैनी, सुधीर चौधरी, नरेश कुमार एडवोकेट, अजीत सिंह, डॉ अरशद, वसीम जहीरपुर, यासीन त्यागी, हाजी साजिद, महबूब हसन आदि ने सरकार के खिलाफ लड़ाई के लिए ठोस रणनीति तैयार की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here