राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई रफ्तार देते हुए दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) में रविवार को 500 आधुनिक इलेक्ट्रिक बसें जोड़ी गईं। रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही दिल्ली में ई-बसों की संख्या 4,000 से अधिक हो गई है, जिससे राजधानी देश का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक बस नेटवर्क वाला शहर बन गई है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि एक साथ इतनी बड़ी संख्या में ई-बसों को शामिल किया जाना दिल्ली के परिवहन इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य 2026 के अंत तक 7,500 और 2028 तक 14,000 इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतारने का है। इन बसों से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं, आरामदायक सफर और प्रदूषण-मुक्त परिवहन मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का काम सिर्फ फाइलों में नहीं, बल्कि दिल्ली की सड़कों पर दौड़ती बसों और आम जनता को मिल रही सुविधाओं में दिखाई देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार डीटीसी को नुकसान और अव्यवस्था की हालत में छोड़ गई थी, जबकि मौजूदा सरकार उसे आधुनिक, मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने में जुटी है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि जल्द ही एक नई इलेक्ट्रिक व्हीकल नीति लाई जाएगी और पिछली सरकार के समय लंबित पड़ी करीब 40 करोड़ रुपये की ईवी सब्सिडी का भुगतान भी किया जा रहा है।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि दिल्ली की जनता ने मजबूत जनादेश देकर एक स्थिर सरकार चुनी है, जिसका असर अब विकास कार्यों में साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि पहले सिर्फ घोषणाएं होती थीं, जबकि अब योजनाएं जमीन पर उतर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने 8 फरवरी 2025 का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी दिन दिल्ली ने भाजपा को स्पष्ट बहुमत देकर राजधानी के विकास की नई शुरुआत की थी। 27 वर्षों बाद बनी भाजपा सरकार ने बीते एक साल में जनता की सेवा और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
दिल्ली से पानीपत के लिए शुरू हुई ई-बस सेवा
डीटीसी ने दिल्ली-पानीपत के बीच अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवा भी शुरू कर दी है। लगभग 86 किलोमीटर लंबे इस रूट पर बसें सिंघु बॉर्डर, राय, बहालगढ़, मुरथल और समालखा जैसे प्रमुख इलाकों से होकर गुजरेंगी।
दिल्ली से बसें सुबह 7:00, 7:30, 8:30 और दोपहर 3:00, शाम 4:00 व 5:00 बजे चलेंगी। वहीं पानीपत से दिल्ली के लिए सुबह 10:00, 10:30, 11:30 और शाम 6:00, 7:00 व रात 8:00 बजे ई-बसें उपलब्ध रहेंगी।