राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में बीती रात हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमसभरी गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को गरज के साथ वर्षा की संभावना जताई है। दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
हिमालयी क्षेत्र में ठहरा मानसून, दिल्ली में थमी बारिश
बीते दो दिनों से दिल्ली में मानसूनी बारिश की रफ्तार थमी हुई है। विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून ट्रफ हिमालय की तलहटी में स्थिर है, जिससे उत्तर-पश्चिमी भारत में वर्षा की गतिविधियां कम हो गई हैं। इसी कारण राजधानी में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है और नमी के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया।
28 जुलाई से बारिश के आसार, तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 28 से 31 जुलाई के बीच हल्की बारिश के साथ तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मानसून की गतिविधियों के दोबारा सक्रिय होने से उमस और गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
गुरुवार को उमस का सितम, धूप ने बढ़ाई परेशानी
गुरुवार को तेज धूप और उमस ने लोगों को खासा परेशान किया। हालांकि आसमान में कुछ देर के लिए बादल भी दिखाई दिए, लेकिन बारिश नहीं हुई। उस दिन अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा था, वहीं न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब दो डिग्री कम था। वातावरण में नमी का स्तर 94 से 58 प्रतिशत के बीच रहा।
वायु गुणवत्ता 'संतोषजनक' श्रेणी में
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 91 दर्ज किया गया, जिसे 'संतोषजनक' श्रेणी में रखा गया है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के अन्य शहरों में भी वायु गुणवत्ता कहीं संतोषजनक, तो कहीं मध्यम श्रेणी में रही। मौसम विभाग का मानना है कि बारिश की संभावना बनी रहने के कारण वायु गुणवत्ता में फिलहाल किसी बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है।