दिल्ली इन दिनों भीषण गर्मी और गर्म हवाओं की चपेट में है। थार मरुस्थल और बलूचिस्तान की ओर से आ रही तपती हवाओं ने राजधानी को जैसे झुलसा दिया है। तेज धूप और लू के चलते मंगलवार इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा, जब अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
मौसम विभाग ने इसे इस सीजन का पहला आधिकारिक लू वाला दिन घोषित किया है। दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म बनी हुई हैं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी गर्मी से कोई खास राहत मिलने की संभावना नहीं है और लू का असर अगले एक सप्ताह तक बना रह सकता है। इसके चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दिन और रात दोनों में बढ़ी तपिश
राजधानी के अधिकांश इलाकों में मंगलवार को अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर बना रहा। लगातार चौथे दिन पारा 40 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया। इस दिन अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री और न्यूनतम 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो इस सीजन का सबसे ऊंचा स्तर है। इससे पहले पिछले वर्ष 2025 में इसी अवधि में अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री दर्ज किया गया था।
एक सप्ताह तक राहत के आसार नहीं
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दिल्ली-एनसीआर में 25 मई तक लू का असर बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। हवाएं 10 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं और कुछ समय झोंके 35 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
बढ़ती गर्मी का कारण
विशेषज्ञों के अनुसार इस समय उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली हवाएं राजस्थान और पाकिस्तान के बलूचिस्तान क्षेत्र से होकर दिल्ली तक पहुंच रही हैं। ये क्षेत्र रेगिस्तानी होने के कारण बेहद शुष्क और गर्म होते हैं। नमी की कमी के कारण ये हवाएं गर्मी को और अधिक बढ़ा देती हैं, जिससे लू की स्थिति बनती है।
तापमान में लंबी अवधि का बदलाव
रिपोर्टों के अनुसार दिल्ली में पिछले एक दशक में तापमान में लगातार वृद्धि देखी गई है। 2019 में भूमि सतह तापमान जहां 29.1 डिग्री सेल्सियस था, वहीं 2026 में यह बढ़कर 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
मई महीने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड
मई की शुरुआत हालांकि हल्की ठंडक के साथ हुई थी। महीने के शुरुआती दिनों में तापमान 32 से 36 डिग्री के बीच रहा और बारिश के कारण कुछ दिनों तक राहत भी मिली। लेकिन इसके बाद तापमान तेजी से बढ़ता गया।
मई महीने का अब तक का सर्वाधिक तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस (29 मई 1944) दर्ज किया गया था, जबकि 2024 में यह 46.8 डिग्री तक पहुंचा था।
तापमान का बढ़ता ग्राफ
- 11 मई: 37.5°C
- 12 मई: 39°C
- 13 मई: 39.2°C
- 14 मई: 40.6°C
- 15 मई: 39.8°C
- 16 मई: 40.8°C
- 17 मई: 41.9°C
- 18 मई: 43.4°C
- 19 मई: 45.1°C