गुरुग्राम: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को मंगलवार सुबह गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि उन्हें सीने में दर्द की शिकायत के बाद सुबह करीब सात बजे अस्पताल लाया गया।

सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम ने उनका तत्काल स्वास्थ्य परीक्षण किया। शुरुआती जांच में सामने आया कि सीने में दर्द की वजह पेट में गैस से जुड़ी समस्या हो सकती है।

कुछ घंटे में मिली राहत

करीब चार घंटे तक चिकित्सकीय निगरानी में रहने के बाद सोनिया गांधी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों की जांच और प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई गई, जिसके बाद वे दिल्ली लौट गईं।

पहले भी बिगड़ी थी तबीयत

गौरतलब है कि इसी वर्ष मार्च में भी सोनिया गांधी को स्वास्थ्य संबंधी समस्या के चलते दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।