लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव के निधन पर तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस कठिन समय में अखिलेश यादव और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए हर संभव समर्थन का आश्वासन दिया।

स्टालिन ने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए उन्हें “प्रिय भाई” कहा और लिखा कि प्रतीक यादव के निधन से उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि वह इस दुख की घड़ी में यादव परिवार के साथ खड़े हैं।

अखिलेश यादव पहुंचे पोस्टमार्टम हाउस

प्रतीक यादव के निधन की सूचना मिलने के बाद अखिलेश यादव लखनऊ स्थित केजीएमयू के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि उनकी प्रतीक से करीब दो महीने पहले मुलाकात हुई थी। उन्होंने कहा कि प्रतीक एक मेहनती और संघर्षशील व्यक्ति थे, जो अपने स्वास्थ्य को लेकर भी सजग रहते थे और आगे बढ़ने की इच्छा रखते थे।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रतीक के अचानक निधन से परिवार को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने यह भी कहा कि मौत के कारणों की विस्तृत जांच होनी चाहिए और परिवार जो भी निर्णय लेगा, उसका सम्मान किया जाएगा।

अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद निधन

मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उन्हें करीब छह बजे लखनऊ के सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, हालांकि मौत के कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। वे अपने पीछे पत्नी अपर्णा यादव और दो बेटियों को छोड़ गए हैं।

अस्पताल में जुटे नेता

घटना की जानकारी मिलते ही कई राजनीतिक नेता लखनऊ के सिविल अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस पहुंचने लगे। उस समय अपर्णा यादव राजधानी में मौजूद नहीं थीं। पूरे प्रदेश में इस खबर के बाद शोक की लहर फैल गई है।