मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां गरोठ क्षेत्र में हरियाणा पुलिस की हिरासत से हथकड़ी लगे दो आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि फरार होने के दौरान दोनों आरोपी पुलिस का वाहन भी अपने साथ ले भागे।
जानकारी के अनुसार, पिता-पुत्र को हरियाणा पुलिस धोखाधड़ी (420) के एक मामले में गिरफ्तार कर गुरुग्राम ले जा रही थी। इसी दौरान गरोठ के एक पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने के लिए पुलिसकर्मी वाहन से नीचे उतरे। इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपियों ने पुलिस की कार पर कब्जा कर लिया और फरार हो गए।
कुछ दूरी तक वाहन ले जाने के बाद दोनों आरोपियों ने बारहमासी फंटे के पास कार को छोड़ दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने लावारिस हालत में वाहन बरामद कर लिया।
इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी पुलिस की गाड़ी लेकर भागते नजर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही गरोठ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल स्थानीय पुलिस और हरियाणा पुलिस की संयुक्त टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार सर्च अभियान चला रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही दोनों को पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।