नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने राज्य की न्यायिक व्यवस्था में प्रशासनिक बदलाव करते हुए कई न्यायिक अधिकारियों के तबादले और अतिरिक्त प्रभार से संबंधित आदेश जारी किए हैं। जारी अधिसूचना के अनुसार, पौड़ी गढ़वाल स्थित परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश हरिश कुमार गोयल को देहरादून का जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। यह पद कुछ समय से रिक्त चल रहा था और उनका स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
हाईकोर्ट के आदेश के तहत नैनीताल में प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत संजीव कुमार को एनडीपीएस विशेष न्यायालय, नैनीताल का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। वहीं देहरादून की एफटीसी एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुसुम को विशेष पॉक्सो न्यायालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा देहरादून के तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विवेक श्रीवास्तव को विशेष न्यायालय-2 (एनडीपीएस) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। ऊधमसिंह नगर में एफटीसी एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनीता गुंजियाल को विशेष पॉक्सो न्यायालय का अतिरिक्त कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिसूचना में यह भी उल्लेख किया गया है कि हरिश कुमार गोयल के नाम की संस्तुति उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी), हरिद्वार में विधि सलाहकार के पद के लिए राज्य सरकार को भेजी गई है। साथ ही हरिद्वार के पंचम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरुण वोहरा को भी विधि सलाहकार का अतिरिक्त प्रभार देने की सिफारिश की गई है।
हालांकि, यूकेपीएससी में विधि सलाहकार पद से जुड़ी नियुक्तियों और अतिरिक्त प्रभार संबंधी व्यवस्था राज्य सरकार की ओर से औपचारिक अधिसूचना जारी होने के बाद ही प्रभावी मानी जाएगी।