पुणे से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सोलापुर की प्रसिद्ध मुलतानी बेकरी के मालिक और जाने-माने उद्योगपति सुनील मोतीलाल सदरंगानी (59) ने विजापुर रोड स्थित पनस अपार्टमेंट की ऊंची मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। इस हादसे से शहर में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सदरंगानी अपार्टमेंट की 17वीं मंजिल पर काफी बेचैन नजर आ रहे थे। कुछ लोगों ने उन्हें टहलते हुए देखा और मोबाइल पर रिकॉर्ड भी किया। इमारत के चौकीदार ने तुरंत इस बारे में स्टाफ को बताया, जिसके बाद दोनों ऊपर पहुंचे और उन्हें समझाने का प्रयास किया।
बताया गया है कि बातचीत के दौरान सदरंगानी को 10वीं मंजिल तक लाया गया, जहां उन्होंने कहा कि उनकी कार की चाबियां कहीं गुम हो गई हैं। इसके बाद वह फिर से ऊपर की ओर चले गए और कुछ ही देर बाद इमारत से नीचे कूद गए।
अस्पताल में हुई मौत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल सदरंगानी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी पहचान गाड़ी की नंबर प्लेट से की गई। पुलिस का कहना है कि वह हाल के समय में मानसिक दबाव से गुजर रहे थे और कुछ वर्ष पहले सोलापुर से पुणे आकर रहने लगे थे। परिवार को सूचना दे दी गई है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
इस मामले को सिविल पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपार्टमेंट के निवासियों से बयान ले रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों को समझा जा सके। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग परिसर के बाहर जमा हो गए, जबकि पुलिस और प्रशासन मौके पर स्थिति संभालते रहे।