मुंबई। भारी बारिश से पहले ही प्रभावित मुंबई में लोकल ट्रेन के भीतर हुई एक हिंसक घटना ने यात्रियों में दहशत फैला दी। अंधेरी से बोरीवली के बीच चलती फास्ट लोकल ट्रेन में सीट और दरवाजा बंद करने को लेकर हुए विवाद के दौरान 22 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया।

घायल युवक की पहचान मयंक लोहार के रूप में हुई है, जो चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल के फर्स्ट क्लास डिब्बे में यात्रा कर रहा था। बताया जा रहा है कि अंधेरी और बोरीवली के बीच सफर के दौरान उसका एक अन्य यात्री से किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।

बहस के बाद चाकू से हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आरोपी ने मयंक के पेट में चाकू घोंप दिया। हमले के बाद आरोपी बोरीवली स्टेशन पर ट्रेन रुकने से पहले ही मौके से फरार हो गया।

ट्रेन रात करीब 11:04 बजे बोरीवली स्टेशन पहुंची, जिसके कुछ ही मिनटों के भीतर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) के जवान मौके पर पहुंच गए। घायल यात्री को तत्काल कोच से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए इमरजेंसी मेडिकल रूम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे कांदिवली स्थित शताब्दी अस्पताल रेफर कर दिया।

रेलवे प्रशासन ने की त्वरित कार्रवाई

वेस्टर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे स्टाफ, RPF और GRP ने तुरंत कार्रवाई की। घायल यात्री को बिना देरी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई और उसे अस्पताल भेजा गया।

अधिकारियों के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारी पूरी घटना पर नजर बनाए हुए हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य जांच एजेंसियों को सौंप दिए गए हैं।

आरोपी की तलाश जारी

घटना के बाद GRP ने फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।