दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट को बुधवार रात अचानक मुंबई डायवर्ट करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, उड़ान के दौरान विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण पायलट को आपातकालीन लैंडिंग का निर्णय लेना पड़ा।
सूत्रों के अनुसार, फ्लाइट की निर्धारित लैंडिंग रात 9:42 बजे थी, लेकिन इंजन में गड़बड़ी की सूचना पायलट ने लगभग 9:25 बजे ही दे दी थी। इसके बाद एहतियातन उड़ान को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया, जहां विमान को सुरक्षित तरीके से उतार लिया गया।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइटों के अनुसार, यह विमान रात करीब 8 बजे दिल्ली से रवाना हुआ था और निर्धारित समय से कुछ देर बाद उड़ान भरने के बावजूद उसे गोवा के बजाय मुंबई डायवर्ट कर दिया गया। गनीमत रही कि कोई अप्रिय घटना नहीं घटी और सभी यात्री सुरक्षित हैं।