मुजफ्फरनगर। जिले के पुलिस विभाग में रविवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा ने कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से कई निरीक्षकों, 22 सब-इंस्पेक्टरों और चौकी प्रभारियों के तबादले किए हैं। इस संबंध में एसएसपी कार्यालय से दो अलग-अलग ट्रांसफर सूची जारी की गई।
दोपहर बाद जारी सूची में 22 उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया। इसके तहत दीपक कुमार को कुटबा पुलिस चौकी, सुभाष को रामपुर तिराहा चौकी, छविकांत को रसूलपुर दभेड़ी चौकी और आनंद कुमार को बसीकला चौकी का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

इसी क्रम में रामपुर चौकी प्रभारी रुपेश को थाना सिखेड़ा भेजा गया है, जबकि चरथावल थाने में तैनात तेजवीर सिंह का तबादला रतनपुरी थाने में कर दिया गया है। इससे पहले सुबह जारी सूची में बिरालसी चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह परिहार को थाना तितावी भेजा गया था और उनकी जगह पुलिस लाइन से सतीश कुमार को बिरालसी चौकी का नया प्रभारी बनाया गया।
इस फेरबदल में थाना सिविल लाइन से जुड़ा फैसला सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। अपनी सख्त कार्यशैली और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पहचाने जाने वाले प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह चौहान को सिविल लाइन थाने से हटाकर सीओ बुढ़ाना पेशी में तैनात किया गया है।

महावीर सिंह हाल ही में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश सतपाल उर्फ सत्तू को पुलिस मुठभेड़ में ढेर करने के बाद सुर्खियों में आए थे। उनकी जगह साइबर क्राइम शाखा में कार्यरत इंस्पेक्टर इंद्रजीत को थाना सिविल लाइन का नया प्रभारी बनाया गया है।