शहर में ढण्ड का रास्ता पर टेलीफोन एक्सचेंज के सामने बीती रात विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने पीहर पक्ष की मौजूदगी में शव को फंदे से नीचे उतरवाया। पुलिस ने पंचनामा, पोस्टमार्टम के बाद शव पीहर पक्ष के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने पीहर पक्ष की रिपोर्ट पर पति सहित अन्य के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं व दहेज प्रतिशेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जैतारण निवासी अंजू (24) पुत्री लक्ष्मीनारायण जीनगर का विवाह छह माह पहले 6 मार्च 2024 को यहां ढण्ड का रास्ता स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के सामने रहने वाले दिव्यांशु जीनगर के साथ हुआ था। बीती रात अंजू ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और फांसी के फंदे पर लटक कर ईहलीला समाप्त कर ली। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो पति सहित अन्य ने दरवाजा खटखटाया तथा आवाजें लगाई, लेकिन अन्दर से किसी तरह का जवाब नहीं मिला। परिवारजन ने खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर देखा तो अंजू फांसी के फंदे पर लटक रही थी।
अंजू को फंदे पर लटका देख परिवारजन के पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना पाकर सिटी थानाधिकारी धोलाराम व हैड कांस्टेबल रामफूल मय पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरु की। पुलिस ने जैतारण में रहने वाले अंजू के पिता आदि को घटना के बारे में जानकारी दी।