अलवर के अकबरपुर गांव में सोमवार सुबह घर के बाहर खड़ी कार को हटाने को लेकर हुए झगड़े में हमलावरों ने मां-बेटे का सिर फोड़ दिया। मां की हालत गंभीर बताई जा रही है। झगड़े की शुरुआत घर के बाहर खड़ी कार को हटाने की बात से हुई थी। इसके बाद दूसरे पक्ष के काफी लोगों ने आकर मारपीट की, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आ गया।
जिला अस्पताल में भर्ती महिला प्रकाशदेवी ने जानकारी देते हुए बताया कि आज सवेरे जब वह अपने घर के बाहर नाली की सफाई कर रही थी तभी वाल्मिकी समाज की एक युवती ने वहां खड़ी कार हटाने के लिए कहा। इस पर प्रकाश देवी ने यह कहकर कि कार उनकी नहीं है, हटाने से मना कर दिया। इसके बाद युवती बहस करते हुए गाली-गलौज करने लगी।
इस आपसी कहासुनी के बाद युवती अपने घर गई और परिवार के लोगों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर पीड़ित के घर के अंदर घुसकर महिला प्रकाश देवी व उसके बेटे नवीन के सिर पर लाठी दे मारी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को गंभीर हालत में अलवर जिला अस्पताल लेकर आया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं पुलिस ने वीडियो देखने के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट में विक्की नामक व्यक्ति सहित अन्य लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। हमलावर फिलहाल फरार हैं, जिन्हें पुलिस तलाश कर रही है।