भरतपुर के नगर थाना इलाके में ग्रामीणों ने सड़कों पर जलभराव को लेकर ग्रामीणों ने अनोखा प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सड़क पर जमा गंदे पानी में बैठकर भजन-कीर्तन किया। साथ ही सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। ग्रामीणों ने समस्या का समाधान नहीं होने पर स्टेट हाईवे जाम की चेतावनी दी।

मामला नगला जनूथर का है। यहां 12 गांव को जोड़ने वाले रास्ते पर हमेशा गंदा पानी भरा रहता है। हाल ही हुई बारिश से पानी और बढ़ गया है। ग्रामीणों को गंदे पानी से होकर निकलना पड़ता है। बच्चे गंदे पानी से  होकर स्कूल जाते हैं। इसके अलावा किसी मरीज को अस्पताल ले जाने में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जगह-जगह जाकर राहत कैंप के जरिए अपनी योजनाओं का बखान कर रहे हैं, लेकिन भरतपुर जिले में ग्रामीण समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इससे सरकार वाकिफ नहीं है। अनेक गांव को जोड़ने वाले मुख्य रास्ते पर जलभराव एक बड़ी समस्या है। मगर स्थानीय विधायक इस पर ध्यान नहीं देते हैं। इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जल्दी ही स्टेट हाईवे पर चक्का जाम किया जाएगा।