राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार दोपहर 1 बजे कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने अजमेर स्थित बोर्ड मुख्यालय से परिणाम जारी किया।
इस वर्ष कुल 94.23 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल रहे, जो पिछले साल के मुकाबले 1.17 प्रतिशत अधिक है। वर्ष 2024 में यह आंकड़ा 93.06 प्रतिशत था।
लड़कियों ने फिर दिखाई बढ़त
जारी आंकड़ों के अनुसार, इस बार भी लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा।
लड़कियां: 94.20%
लड़के: 93.63%
वहीं अन्य कक्षाओं के परिणाम भी बेहतर रहे। कक्षा 8वीं का रिजल्ट 97.01% और 5वीं का 97.75% दर्ज किया गया।
रिजल्ट के साथ वेबसाइट पर दबाव
परिणाम जारी होते ही बड़ी संख्या में छात्र वेबसाइट पर पहुंच गए, जिससे बोर्ड की आधिकारिक साइट कुछ समय के लिए धीमी हो गई।
पिछले साल भी बेटियों का दबदबा
पिछले वर्ष भी लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन किया था। उस समय भावना ने 99.67 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया था, जबकि पूजा भादू और वंदना तंवर ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया था।