भरतपुर: डिवाइडर से टकराकर ट्रॉली से अलग हुआ ट्रैक्टर, हादसे में दो की मौत

भरतपुर के शीशम तिराहे में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर और कार की भिड़ंत में एक महिला और व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को आरबीएम अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना सुबह करीब 10 बजे की है।

सेवर के रहने वाले दस मजदूर मजदूरी करने के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर इकरन जा रहे थे। तभी शीशम तिराहे के पास अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर पर चढ़ गया। डिवाइडर पर चढ़ते ही ट्रॉली पलट गई और ट्रैक्टर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी साइड में पहुंच गया। सामने से एक कार आ रही थी। कार में सतेंद्र सोनी, उसकी पत्नी पूजा सोनी और दो बच्चे बैठे थे। ट्रैक्टर उनकी कार से टकरा गया। हादसे में कार में बैठे सतेंद्र सोनी और पूजा सोनी घायल हो गए। दूसरी तरफ मजदूरों की ट्रॉली पलटने से मौके पर चीख पुकार मच गई। राहगीरों ने हादसे को देखा तो वह रुक गए और ट्रॉली के नीचे से मजदूरों को निकाला। 

स्थानीय लोगों ने सेवर थाना पुलिस को भी घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने ट्रॉली में बैठे मजदूर महिला जानकी उम्र 19 और मजदूर राजकुमार उम्र 50 साल को मृत घोषित कर दिया। वहीं कार में बैठे सतेंद्र सोनी और पूजा सोनी को घायल हैं। ट्रॉली में बैठे पूजा, मिनेश, शीतल, शायर, अरवीन और सौरभ घायल हैं। सभी घायलों को आरबीएम अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना के बाद शीशम तिराहे पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को सड़क से हटवाया और जाम को खुलवाया। फिलहाल दोनों शवों को आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here