जयपुर के खोनागोरियां थाने इलाके में एक स्कूल में घुसकर चार साल के मासूम बच्चे का अपहरण करने की घटना ने पूरे शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खडे़ कर दिए हैं। हालांकि पुलिस ने कुछ ही घंटों में बच्चा और आरोपी को खोज निकला। 

जानकारी मिलते ही पुलिस ने स्कूल से चार किलोमीटर की दूरी पर पीछा करते हुए आरोपी छोटू लाल बैरवा को गिरफ्तार किया डीसीपी ईस्ट ज्ञानचंद के निर्देशन में कार्रवाई को अंजाम दिया। इस अपहरण मामले में स्कूल के एक गार्ड की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। डीसीपी ईस्ट ज्ञान चंद यादव के मुताबिक गुरुवार को खोनागोरियां थाने पर परिवादी कमलेश बैरवा ने लिखित में रिपोर्ट दी। 

उसने आरोप लगाया कि मेरा चार साल का लड़का रॉयल इंटरनेशनल स्कूल मीणा पालड़ी में पढ़ता है, बच्चे को स्कूल से एक व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपहरण करके ले गया है। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज करके बच्चे की तलाश शुरू करते हुए मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी मालवीय नगर संजय शर्मा के निर्देशन में खोनागोरियां थाना अधिकारी सुधीर कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में स्पेशल टीम का गठन किया। पुलिस की स्पेशल टीम ने स्कूल और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सहायता के आधार पर बच्चे और आरोपी की तलाश की गई।  ट्रेडिशनल पुलिसिंग के आधार पर भी राहगीर और आमजन को अपहृत बालक की फोटो दिखाकर तलाश की गई। पुलिस ने बालक को जयंती नगर आगरा रोड पर आरोपी के साथ बरामद कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आरोपी के साथ और किनकी भूमिका है इस पर भी अनुसंधान जारी है।