कृषि मंत्री एवं सवाई माधोपुर विधायक डॉ. किरोड़ीलाल मीणा पिछले तीन दिनों से सवाई माधोपुर में हैं। आज सर्किट हाउस में जनसुनवाई के दौरान टोंक-सवाई माधोपुर लोकसभा सीट के कांग्रेस सांसद हरीश मीणा उनसे मिलने सर्किट हाउस पहुंचे। इस दौरान डॉ. किरोड़ी ने हरीश मीणा का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान दोनों विपक्षी पार्टी के नेताओं के बीच लाजवाब केमेस्ट्री दिखाई दी।
सांसद हरीश मीणा ने कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा की जनसुनवाई में आए परिवादियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली और कहा कि हम दोनों आपके लिए मिलकर काम करेंगे और आमजन के काम एवं क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मिलकर लोगों की समस्याओं को उनके सामने रखकर समस्याओं के समाधान का प्रयास करेंगे।
आपसी मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने आपस में हंसी-ठिठोली भी खूब की। इस दौरान डॉ. किरोड़ी ने कहा कि हरीश मीणा उनसे बड़े हैं तो हरीश मीणा ने कहा कि नहीं आप मुझसे बड़े हैं। दोनों नेताओं ने जनसुनवाई के दौरान गाड़िया लुहारों की समस्याओं को सुना और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।