नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को एक धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। ईमेल में विधानसभा भवन के साथ-साथ पास स्थित मेट्रो स्टेशन को भी उड़ाने की बात कही गई है।
सूत्रों के मुताबिक, यह धमकी केवल विधानसभा तक सीमित नहीं रही। तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा को भी इसी तरह के संदेश मिले हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर का नाम भी धमकी में शामिल बताया जा रहा है।
मामले की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। टीमों ने मौके पर पहुंचकर गहन जांच की, हालांकि शुरुआती तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां
गौरतलब है कि राजधानी में इससे पहले भी कई बार ईमेल के जरिए स्कूलों और अन्य संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। ज्यादातर मामलों में जांच के बाद ये धमकियां फर्जी ही साबित हुई हैं, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर हर बार एजेंसियां पूरी सतर्कता बरतती हैं।