उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार को नौ आईएएस अधिकारियों के विभागीय और पदगत जिम्मेदारियों में बदलाव करने का ऐलान किया। इस बदलाव के तहत कई अधिकारियों को नए विभागों और अतिरिक्त प्रभार सौंपे गए हैं।
अनुराग यादव, जो अब तक प्रमुख सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स थे, को अब प्रमुख सचिव समाज कल्याण और सैनिक कल्याण का कार्यभार दिया गया है। वहीं, आलोक कुमार तृतीय, प्रमुख सचिव नियोजन एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग, को अपने वर्तमान पद के साथ ही प्रमुख सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
एम देवराज, प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग को अब महानिदेशक उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंध अकादमी (उपाम) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसी तरह, सौरभ बाबू, प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास को महानिदेशक दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान का अतिरिक्त प्रभार मिला है।
रवि रंजन को प्रबंध निदेशक यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन और यूपी एग्रो के पद के साथ-साथ विशेष सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण का कार्यभार सौंपा गया है। टीके शिबु को विशेष सचिव एपीसी शाखा के साथ यूपी एग्रो के प्रबंधन निदेशक का अतिरिक्त प्रभार मिला है।
प्रतीक्षारत हिमांशु कौशिक को प्रबंधन निदेशक यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन और प्रतीक्षारत सौम्या गुरुरानी को नगर आयुक्त शाहजहांपुर का पदभार दिया गया है। इसके अलावा, शाहजहांपुर के वर्तमान नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्रा को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम का अपर प्रबंध निदेशक बनाया गया है।