चंडीगढ़। शहर में शनिवार दोपहर एक सनसनीखेज फायरिंग की घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। यह वारदात करीब ढाई बजे पीजीआई के पास सेक्टर-11 स्थित एक व्यस्त मार्केट में हुई, जहां बाइक सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने कुमार मेडिकल स्टोर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों के पास ऑटोमैटिक हथियार थे और उन्होंने कुछ ही सेकंड में कई राउंड फायरिंग की। इस घटना में कई लोग घायल हुए, जबकि कैशियर जानकी की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक मृतक जानकी हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू क्षेत्र का रहने वाला था और उसकी पत्नी गांव की सरपंच हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया और शहरभर में नाकेबंदी कर दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस घटना के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। वहीं, इसे रंगदारी से भी जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि मेडिकल स्टोर के मालिक राजीव गर्ग को पहले भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से रंगदारी को लेकर धमकियां मिल चुकी थीं।

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।