बागपत। दिल्ली-एसएच-हाइवे के पास स्थित हीरो एग्रीकल्चर फैक्ट्री में देर रात अचानक आग लग गई, जिससे फैक्ट्री और आसपास के घरों में अफरातफरी मच गई। फैक्ट्री आवास विकास कॉलोनी से सटी हुई है, जिससे कॉलोनी में रहने वाले लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों पर चले गए।
आग पर काबू पाने में लगी चार घंटे की मशक्कत
घटना रात करीब 11.30 बजे हुई, जब फैक्ट्री में आग की लपटें फैलने लगीं। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग तेजी से फैल रही थी। इसके बाद तीन और गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
फैक्ट्री के चौकीदार रामबीर ने बताया कि उन्हें पुलिस द्वारा आग लगने की सूचना दी गई थी। सीएफओ अमरेंद्र प्रताप सिंह ने पुष्टि की कि रिम धुरे बनाने वाली इस फैक्ट्री की आग को पूरी तरह से बुझा दिया गया है। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन फैक्ट्री को हुए नुकसान का आंकलन लाखों रुपये में बताया जा रहा है।
कॉलोनी में मची अफरातफरी
आवास विकास कॉलोनी के कई घर फैक्ट्री से सटे होने के कारण आग फैलने के साथ ही कॉलोनी में हड़कंप मच गया। पूर्व सभासद आशुतोष तोमर ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर कई परिवारों ने घरों से बाहर निकलकर कुछ समय के लिए सुरक्षित स्थान पर शरण ली।
फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों और दमकल कर्मियों की तत्परता से स्थिति को नियंत्रण में लाया गया। आग लगने के कारणों और हुए नुकसान की जांच की जा रही है।