कोलकाता। आंधी-तूफान के बीच शुक्रवार को कोलकाता एयरपोर्ट पर खड़े एक इंडिगो विमान पर बिजली गिरने की घटना सामने आई है। भारतीय विमानन प्राधिकरण (AAI) के एक अधिकारी के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब विमान एयरोब्रिज पर पार्क था।

समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E6068 (VT-IPW) एयरोब्रिज 56L पर खड़ी थी, तभी तेज बारिश और तूफान के दौरान उस पर बिजली गिर गई। एयरपोर्ट ऑपरेशन्स कंट्रोल सेंटर (AOCC) की ओर से पहले ही खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया था।

विमान में सवार थे 147 लोग

अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय विमान में कुल 147 लोग मौजूद थे, जिनमें 141 यात्री और 6 क्रू मेंबर शामिल थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

बाद में यात्रियों को दूसरे विमान (VT-ICD) में शिफ्ट किया गया, जिसने उन्हें अगरतला के लिए रवाना किया।

दो कर्मचारियों को आई मामूली चोट

इंडिगो की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, बिजली गिरने के दौरान रनवे पर कार्यरत दो कर्मचारियों को हल्की चोटें आईं। दोनों को प्राथमिक उपचार और जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है।

शहर में मौसम का असर जारी

शुक्रवार सुबह से ही कोलकाता और आसपास के इलाकों में तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश का दौर जारी है, जिससे कई जगह जलभराव और यातायात बाधित होने की भी खबर है।