बागपत: शहर के मल्लाहान मोहल्ले में स्कूटी को हल्की साइड लगने के बाद शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि केतीपुरा मोहल्ले के रहने वाले मुस्तकीम ने गुस्से में आकर एक युवक पर तलवार से हमला कर दिया, जो उसकी गर्दन को छूते हुए निकल गई। यह पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।


मल्लाहान मोहल्ला निवासी खालिक बेग ने बताया कि सोमवार दोपहर उनका बेटा सादिक और भतीजा ओवेस स्कूटी से जा रहे थे। रास्ते में भीड़ होने के कारण उनकी स्कूटी की हल्की सी साइड मुस्तकीम को लग गई, जिससे वह भड़क गया। इसके बाद उसने दोनों युवकों के साथ मारपीट की, जिसमें वे घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और दोनों युवकों को घर भेज दिया। लेकिन कुछ देर बाद आरोपी मुस्तकीम कथित तौर पर दो तलवारें लेकर फिर उनके घर के बाहर पहुंच गया और गाली-गलौज करते हुए हंगामा करने लगा।

इसी दौरान शोर सुनकर खालिक का एक और बेटा नासिर बाहर आया। आरोप है कि मुस्तकीम ने उस पर तलवार से हमला कर दिया। यह हमला उसकी गर्दन के बेहद करीब से गुजर गया, जिससे वह बाल-बाल बच गया।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दे गया। परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तो स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

मामले की जानकारी मिलते ही जांच अधिकारी शिव कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी पहले भी कई विवादों में शामिल रहा है, जिससे वे दहशत में हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी तलवार से हमला करते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।