खेकड़ा। संपत्ति को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और वारदात के बाद खुद ही थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। घटना खेकड़ा क्षेत्र की है, जहां हथौड़ा और छैनी से वार कर महिला की जान ले ली गई।

मृतका की पहचान संगीता (50) के रूप में हुई है। आरोपी पति रमन पाल (55) मूल रूप से गाजियाबाद का रहने वाला है और वर्तमान में गांव जलालाबाद में रहकर प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। पुलिस के अनुसार, दो साल पहले रमन पाल ने रामपुर की शाह गार्डन कॉलोनी में एक मकान खरीदा था, जिसे पत्नी संगीता के नाम किया गया था।

बताया जा रहा है कि संगीता पिछले कुछ समय से खेकड़ा में अपने ममेरे भाई राजीव के घर रह रही थी। इसी दौरान उसने शाह गार्डन कॉलोनी स्थित मकान अपने पति को बताए बिना राजीव के नाम कर दिया। जब इस बात की जानकारी रमन पाल को हुई तो उसने विरोध किया, लेकिन संगीता ने अन्य संपत्तियां भी राजीव के नाम करने की बात कही। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तनाव बढ़ गया था।

सुबह हुआ विवाद, हत्या में बदला
बुधवार सुबह करीब आठ बजे रमन पाल खेकड़ा पहुंचा। यहां संपत्ति के मुद्दे पर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि रमन ने पत्नी के साथ मारपीट की और हथौड़ा व छैनी से सिर, चेहरे और गले पर हमला कर दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, लेकिन तब तक संगीता की जान जा चुकी थी।

खुद थाने पहुंचा आरोपी
वारदात के बाद रमन पाल सीधे थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां महिला का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। पास में खून से सने हथौड़ा और छैनी भी बरामद हुईं। फॉरेंसिक टीम ने जांच के बाद साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

दो बच्चों के माता-पिता थे
दंपती के दो संतानें हैं—एक बेटा प्रदीप और एक बेटी आरजू, दोनों विवाहित हैं। बेटा मेरठ के लोहिया नगर में ट्रक चालक है। पुलिस ने बेटी को घटना की जानकारी दे दी है।

जांच अधिकारी प्रभाकर केंतुरा ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।