बागपत में दिल्ली–देहरादून आर्थिक कॉरिडोर पर कट (एंट्री-एग्जिट पॉइंट) की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। इस मांग के समर्थन में चल रहा धरना शुक्रवार को 41वें दिन में पहुंच गया। लंबे समय से समाधान न निकलने से नाराज ग्रामीण अब ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में मिट्टी भरकर धरनास्थल पर पहुंचे, जिससे मौके पर माहौल और अधिक गर्म हो गया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पिछले 41 दिनों से लगातार धरना जारी है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक केवल आश्वासन ही दिए जा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी मांग पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उनका साफ कहना है कि जब तक कट की मंजूरी नहीं मिलती, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।

इसी बीच शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन युवा विंग के जिला अध्यक्ष धीरज राठी द्वारा पहले से किए गए ऐलान के अनुसार बड़ी संख्या में ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में मिट्टी भरकर गांगनौली कट स्थल पर पहुंचे। इस दौरान अचानक भीड़ और गतिविधि बढ़ने से प्रशासन भी सतर्क हो गया और मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

धरना स्थल पर स्थानीय ग्रामीणों की लगातार भागीदारी बनी हुई है। आंदोलन में धर्मेंद्र राठी, इकबाल सिंह, बिजेंद्र सिंह, पुनीत, वीरेंद्र, सतेंद्र और रामकुमार सहित कई लोग सक्रिय रूप से शामिल रहे।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक कॉरिडोर पर कट की मांग पूरी नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।