बागपत। सोमवार रात बड़ौत रेलवे स्टेशन पर एक दुखद हादसे में 61 वर्षीय सेवानिवृत्त आरपीएफ कर्मी बृजलाल की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वे पानी लेने के लिए ट्रेन से नीचे उतरे और वापस चढ़ते समय उनका पैर फिसल गया।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली से शामली जा रही पैसेंजर ट्रेन संख्या 54057 सोमवार रात करीब सवा दस बजे बड़ौत रेलवे स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन स्टेशन पर लगभग दो मिनट के लिए रुकी थी। इसी दौरान ट्रेन में सवार बृजलाल प्लेटफॉर्म पर पानी लेने गए।

पानी लेकर वापस ट्रेन की ओर बढ़ते समय ट्रेन रवाना हो गई। चढ़ते समय उनका पैर फिसल गया और वे सीधे ट्रेन के नीचे आ गए। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौत मौके पर ही हो गई।

परिवार में मचा शोक

हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची। एसआई प्रदीप कुमार ने टीम के साथ शव को ट्रेन के नीचे से निकाला और परिवार को जानकारी दी।

बृजलाल मूल रूप से सहारनपुर जिले के ओजपुरा गली नंबर दो रेलवे कॉलोनी के निवासी थे। वे बरेली में आरपीएफ में तैनात रहे और लगभग छह महीने पहले ही सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद वे परिवार के साथ समय बिता रहे थे।