बागपत जिले में दिल्ली-देहरादून इकनॉमिक कॉरिडोर पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना हिम्मतपुर सुजती अंडरपास के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए टीकरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

जानकारी के मुताबिक शामली जिले के बाहबड़ी गांव निवासी आशु (29) पुत्र करण सिंह और नंदकिशोर उर्फ राहुल (34) पुत्र नवीन स्प्लेंडर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान हिम्मतपुर सुजती अंडरपास के नजदीक हाईवे पर खड़े एक हेड्रा वाहन से उनकी बाइक टकरा गई। बताया जा रहा है कि हेड्रा वाहन का तेल खत्म होने के कारण वह सड़क किनारे खड़ा था।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें तुरंत टीकरी सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नंदकिशोर को मृत घोषित कर दिया। वहीं आशु की हालत नाजुक होने के कारण उसे मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेज दिया है। घटना की सूचना परिजनों को भी दे दी गई है। दोघट थाना प्रभारी केवल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।