बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर एक बार फिर लापरवाही भरा स्टंट सामने आया है। बरात में शामिल कुछ युवकों ने चलती कारों में खतरनाक हरकतें करते हुए न सिर्फ ट्रैफिक नियमों की अनदेखी की, बल्कि खुलेआम नोट उड़ाकर माहौल बनाया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
वीडियो में चार कारों में सवार युवक स्टंट करते नजर आ रहे हैं। कुछ युवक कार की खिड़कियों और सनरूफ से बाहर निकलकर खड़े थे, जबकि कुछ लोग चलते वाहन से नोट फेंकते दिखे। हालांकि वीडियो में दो वाहनों के नंबर स्पष्ट नहीं हो सके।
पुलिस ने की कार्रवाई
वीडियो सामने आने के बाद यातायात पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। जांच में पता चला कि यह घटना बड़ौत क्षेत्र के दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर हुई थी और सभी युवक एक बरात में शामिल होने जा रहे थे।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, नंबर प्लेट के आधार पर दो वाहनों की पहचान की गई है। इनमें एक कार मोहम्मद शमशाद निवासी डोगरिया रोड, कोडिया (जनपद दुर्ग, छत्तीसगढ़) के नाम पर पंजीकृत है, जबकि दूसरी कार आबिद निवासी गली नंबर-1, बरखा तिराहा, वार्ड नंबर-5, बागपत के नाम पर दर्ज है। दोनों वाहनों का दो-दो हजार रुपये का चालान किया गया है। बाकी दो कारों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
लगातार सामने आ रहे स्टंट के मामले
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे पर थार गाड़ी से स्टंट का मामला सामने आया था, जिस पर पुलिस ने छह हजार रुपये का चालान किया था। इससे पहले भी कई मामलों में स्टंटबाजी करने वालों पर कार्रवाई की जा चुकी है।