बकरीद को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए संभल जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने नखासा और कोतवाली क्षेत्रों में भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

पैदल निरीक्षण के दौरान बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने पुलिस बल को लगातार सक्रिय रहने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की है ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोका जा सके।

गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को बकरीद का पर्व मनाया जाएगा। गुन्नौर और आसपास के सैंजना मुस्लिम गांव सहित करीब 30 मस्जिदों में नमाज अदा की जाएगी। त्योहार को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। गुन्नौर कोतवाली प्रभारी संजय कुमार के अनुसार, 70 से अधिक पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। साथ ही कुर्बानी के बाद निकलने वाले अपशिष्ट को केवल निर्धारित स्थानों पर ही डालने के निर्देश जारी किए गए हैं।

प्रशासन ने पशुपालकों को भी नोटिस जारी कर कहा है कि त्योहार के दौरान पशुओं को खुले में न छोड़ा जाए। गुन्नौर नगर की आबादी लगभग 50 हजार है, जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम परिवार रहते हैं। क्षेत्र की प्रमुख मस्जिदों—जामा मस्जिद, सुन्नी नूरानी मदीना मस्जिद, लाल मस्जिद, मजनू शाह मस्जिद, दालान वाली मस्जिद, काजियान मस्जिद और रजा मस्जिद सहित अन्य स्थानों पर नमाज अदा की जाएगी।

सुन्नी नूरानी मदीना मस्जिद के मौलाना हाफिज फुरकान रजा ने बताया कि ईद-उल-अजहा की नमाज के बाद कुर्बानी की प्रक्रिया शुरू होकर 30 मई के सूर्यास्त तक जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुर्बानी केवल निर्धारित स्थानों पर ही करें और किसी भी प्रतिबंधित पशु का उपयोग न करें।