मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र स्थित गोकुलधाम सोसाइटी में 17 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने के बाद सनसनी फैल गई। पुलिस जांच में आरोप है कि किशोरी की हत्या उसके पिता ने दूसरी पत्नी के साथ मिलकर की और बाद में जल्दबाजी में उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया।

मृतका खुशी उर्फ खुशबू 12वीं कक्षा की छात्रा थी। घटना की जानकारी मिलने पर हापुड़ से पहुंचे उसके मामा भूपेंद्र शर्मा ने पिता कपिल भारद्वाज और सौतेली मां पिंकी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपी पिता कपिल ने बेटी की हत्या करने की बात स्वीकार की है। हालांकि वह लगातार अलग-अलग बयान देकर पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश करता रहा।

परिजनों के मुताबिक, खुशी की मां प्रीति की वर्ष 2017 में संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। इसके कुछ समय बाद कपिल ने दूसरी शादी कर ली थी। खुशी और उसका छोटा भाई अपने पिता के साथ ही रह रहे थे।

मामा का आरोप है कि उन्हें पड़ोसियों से फोन पर सूचना मिली कि खुशी की मौत हो गई है। इसके बाद परिवार मौके पर पहुंचा और पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।

एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सौतेली मां से भी पूछताछ कर रही है।

जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि संपत्ति विवाद के कारण किशोरी की हत्या की गई हो। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या लड़की को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि दूसरी शादी के बाद से किशोरी के साथ व्यवहार बदल गया था।