बुढ़ाना: कश्यप समाज के खाप चौधरी डॉ. सोनू कश्यप की कथित हत्या की साजिश से जुड़ी एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस ऑडियो में एक व्यक्ति अपनी महिला मित्र से बातचीत करते हुए डॉ. सोनू कश्यप को नुकसान पहुंचाने की बात करता सुनाई दे रहा है। ऑडियो सामने आने के बाद डॉ. कश्यप और उनके समर्थकों में चिंता का माहौल है।
बताया जा रहा है कि ऑडियो में सुनाई देने वाला व्यक्ति बुढ़ाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल में हिस्सेदार है और साथ ही मेडिकल स्टोर भी चलाता है। करीब एक मिनट 42 सेकंड की इस रिकॉर्डिंग में वह अपनी कथित प्रेमिका से बातचीत करते हुए अपने विरोधियों को खत्म करने और बदला लेने जैसी बातें करता हुआ सुनाई देता है।
ऑडियो सामने आने के बाद डॉ. सोनू कश्यप ने इसे गंभीर मामला बताते हुए पुलिस प्रशासन से शिकायत की है। बुधवार सुबह वह कश्यप समाज के प्रतिनिधियों सुशील कश्यप, हिमांशु संगल, मोहित त्यागी और डॉ. विशाल कुमार के साथ मुजफ्फरनगर पहुंचे और एसएसपी संजय कुमार वर्मा से मुलाकात कर उन्हें पूरी जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने वायरल ऑडियो भी अधिकारियों को सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
एसएसपी के निर्देश पर सभी लोग बुढ़ाना कोतवाली पहुंचे, जहां पुलिस ने उनकी शिकायत सुनी और ऑडियो की जांच की। पुलिस अधिकारियों ने मामले की गहन जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ऑडियो में सुनी जा रही आवाज किसकी है और उसके पीछे की सच्चाई क्या है।