मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस क्षेत्र के सरवट इलाके में कुछ युवकों द्वारा एक इमाम के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में इमाम गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुस्लिम समाज में नाराजगी फैल गई और लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा किया।

घायल इमाम को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेरठ के हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को नामजद तहरीर दी गई है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला काजियान निवासी हाफिज अब्दुल वहाब सरवट स्थित गोर-ए-गरीबा मस्जिद में इमाम हैं। रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह बाइक से मस्जिद जा रहे थे। इसी दौरान सरवट पीर के पास कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई।

आरोप है कि इसके बाद युवकों ने इमाम पर बैट और डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने उन्हें सड़क पर गिराकर भी पीटा। इमाम की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही मुस्लिम समाज के लोग मौके पर जमा हो गए और नाराजगी जताई। इस बीच मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर फैल गया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

सूचना पर सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा और थाना प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और स्थिति को नियंत्रित किया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई है।

इमाम के चाचा सईद अहमद ने लवी, बसंत, आदित्य, हरीश और ऋषभ के खिलाफ थाने में नामजद शिकायत दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।