मुजफ्फरनगर: भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड (इंडसइंड बैंक) के संगम मैनेजर पर आरोप है कि उन्होंने 18 लोन धारकों से वसूले गए करीब 3 लाख 27 हजार 532 रुपये अपने पास रख लिए और कंपनी के खाते में जमा नहीं किए।

शाखा प्रबंधक अंकुर त्यागी ने बताया कि बुढ़ाना मोड़ स्थित मुजफ्फरनगर शाखा में संगम मैनेजर के पद पर कार्यरत निखिल घटायन महिलाओं को दिए गए छोटे ऋणों की साप्ताहिक किस्तें इकट्ठा करने का जिम्मेदार था। आरोप है कि उसने लोन कलेक्शन और प्रीपेमेंट के नाम पर यह राशि वसूल की, लेकिन कंपनी में जमा करने की बजाय अपने पास रख ली।

जब कंपनी को इस अनियमितता की जानकारी मिली, तो कर्मचारी से पूछताछ की गई। निखिल ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए जल्द रकम जमा करने का वादा किया, लेकिन इसके बाद वह बिना किसी सूचना के घर चला गया। कई बार संपर्क करने के बावजूद उसने रकम वापस नहीं की और न ही संतोषजनक जवाब दिया।

शिकायत में यह भी बताया गया कि जब शाखा प्रबंधक आरोपी के घर जाकर बातचीत करने गए, तो निखिल ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

शाखा प्रबंधक ने इस संबंध में शहर कोतवाली में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने एसएसपी को शिकायती पत्र दिया। इसके बाद पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में कार्रवाई की जाएगी।