मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव छछरौली में गन्ना कोल्हू के पास, बुढ़ाना पुलिस और भोपा टीम द्वारा वारंट आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास के दौरान गंभीर हंगामा हुआ। आरोपी और उसके साथियों ने पुलिस पर धक्का-मुक्की और पथराव किया और उसे मौके से भागा दिया।
थाना पुलिस ने बताया कि छछरौली निवासी सरगम के खिलाफ बुढ़ाना कोतवाली में चोरी का मामला दर्ज है, जिसके लिए न्यायालय ने गैर-जमानती वारंट जारी किया था। गिरफ्तारी के प्रयास के लिए शाम के समय भोपा और बुढ़ाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने जब आरोपी को हिरासत में लेने का प्रयास किया, तो मौके पर मौजूद उसका भाई पंकज, परिवार के अन्य सदस्य और कुछ साथी विरोध करने लगे। उन्होंने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की की और पथराव कर पुलिस की कार्रवाई में बाधा डाली। इस दौरान आरोपी को पुलिस की पकड़ से बचाकर भागा दिया गया।
भोपा थाना पुलिस ने बताया कि इस घटना के बाद सब इंस्पेक्टर रणवीर सिंह की ओर से आरोपी बिजा उर्फ ब्रजपाल, पंकज, सरगम, श्यामवती, रुचि, सलोनी, सिया, रूबी और राजेश के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसके अलावा 27 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई।
सीओ देवव्रत वाजपेई ने बताया कि आरोपियों की खोज और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।