मुजफ्फरनगर। पूर्व कैबिनेट मंत्री और सपा नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने प्रदेश में सुरक्षा और आर्थिक हालात पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि मंदिर-मस्जिद के नाम पर लोगों को लड़ाया जा रहा है, वहीं किसान और मजदूर गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
महावीर चौक स्थित सपा जिला कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में सिद्दीकी ने कहा कि गन्ना और गेहूं का लाभकारी मूल्य किसानों तक नहीं पहुंच रहा। चीनी मिलों द्वारा भुगतान में देरी से किसानों को शादी-ब्याह और बच्चों की पढ़ाई की फीस चुकाने में कठिनाई हो रही है।
सिद्दीकी ने दावा किया कि सपा पार्टी पीडीए के माध्यम से 2027 विधानसभा चुनाव में सफलता हासिल करेगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि उसने किसानों के खिलाफ काला कानून लाया, लेकिन सपा के आंदोलन के चलते उसे पीछे हटना पड़ा।
प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सिद्दीकी ने कहा कि भाजपा ‘बेटी बचाओ’ का नारा देती है, जबकि हाल ही में सीतापुर में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गई।