मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र में सात महीने से लापता चल रहे एक ग्रामीण का कंकाल मंगलवार को जंगल में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर मिले मोबाइल फोन, कपड़ों और अन्य सामान के आधार पर उसकी पहचान गांव तुगलकपुर के निवासी प्रदीप के रूप में की है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय प्रदीप पिछले साल 30 अगस्त को अपने खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। अंत में उसके पिता महाराज सिंह ने पुरकाजी थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

मंगलवार को गांव का ही पंकज घास लेने के लिए खेतों की ओर गया था। इसी दौरान पास के जंगल में उसे एक कंकाल दिखाई दिया। उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही सीओ सदर रवि शंकर मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां कंकाल के पास से मोबाइल फोन, दरांती और कपड़े बरामद हुए, जिनके आधार पर मृतक की पहचान प्रदीप के रूप में की गई। पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सीओ सदर ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या की ओर इशारा कर रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। साथ ही पहचान की औपचारिक पुष्टि के लिए भी आगे की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।