मुजफ्फरनगर: तितावी थाना क्षेत्र के गांव नसीरपुर में रास्ते से गाड़ी हटाने एवं साइड करने को लेकर हुए विवाद ने अब गंभीर रूप ले लिया है। यह मामला किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह से जुड़ा है।
जानकारी के अनुसार, छह मार्च को दुष्यंत और उसकी मां ने ठाकुर पूरण सिंह और उनके बेटे नंदू उर्फ विजय प्रताप, भाई रवि और चालक अनिकेत समेत सात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
घटना के बाद किसान संगठन में नाराजगी फैल गई। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश महासचिव धीरेज लाटियान सोमवार को ठाकुर पूरण सिंह के घर पहुंचे और संगठन की पूर्ण समर्थन की घोषणा की। इसके साथ ही ठाकुर पूरण सिंह ने गांव में 14 मार्च को “सम्मान बचाओ पंचायत” आयोजित करने का ऐलान किया।
सपा सांसद हरेन्द्र मलिक ने भी ठाकुर पूरण सिंह का समर्थन करते हुए पुलिस की कार्रवाई की निंदा की। उन्होंने कहा कि बिना जांच-पड़ताल और दोष सिद्ध किए किसी को जेल भेजना उचित नहीं है। मलिक ने यह भी कहा कि तितावी क्षेत्र और जिले के अन्य गांवों में सूखे नशे और शराब की होम डिलीवरी का कारोबार बढ़ रहा है, जबकि पुलिस प्रशासन इसे जानकर भी अनदेखा कर रहा है।
मलिक ने पुलिस की इस कार्रवाई को गलत बताते हुए कहा कि इससे किसान संगठन और स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।