मुजफ्फरनगर: राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने कहा कि आज की नारी केवल परिवार की शक्ति नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला भी है। भारत की संस्कृति में महिलाओं को सदैव सम्मान और गौरव का स्थान प्राप्त रहा है।

व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर “सशक्त नारी–समृद्ध उत्तर प्रदेश” थीम पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मुख्य अतिथि शाक्य ने इस अवसर पर कहा कि महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन और उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा से देश को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने कौशल विकास और शिक्षा के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के निरंतर प्रयासों पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि जब महिलाएं शिक्षित और आत्मनिर्भर बनती हैं तो पूरा समाज और राष्ट्र मजबूत होता है। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वरोजगार और कौशल विकास के लिए चलाई जा रही योजनाओं का उल्लेख किया।

कार्यक्रम में चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, पूर्व विधायक सुशीला अग्रवाल, कविता सैनी, अंजलि चौधरी, अमिता चौधरी, ममता अग्रवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आंचल तोमर, प्रधानाचार्य चंचल सक्सेना, मनीष तायल, अनु अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।