लखनऊ। पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव और ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबरों के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रदेश सरकार ने सभी जिलों को अलर्ट मोड में रहने और अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की और संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। इसके बाद पुलिस मुख्यालय की ओर से जिलों को दोबारा एडवाइजरी जारी की गई। राजधानी लखनऊ सहित कई स्थानों पर हो रहे प्रदर्शनों पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है।
एडीजी (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया कि शिया बहुल क्षेत्रों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। त्योहारों के मद्देनजर किसी भी तरह की अफवाह या माहौल बिगाड़ने की कोशिश को सख्ती से रोकने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और हिंसक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।